ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर : थाना रामपुर कलां क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरैया शंकर बख्श (फरीदपुर) में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका का शव फंदे से लटका मिलने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरीदपुर निवासी राज की पत्नी काजल देवी (लगभग 19 वर्ष) का शव रविवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि काजल की शादी करीब एक माह पूर्व ही हुई थी। मृतका का मायका थाना सदरपुर क्षेत्र के ग्राम ऐम्बापुर, तहसील महमूदाबाद में है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों ने आशंका जताई है कि मामले में गहन जांच की आवश्यकता है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।
सूचना मिलने पर थाना रामपुर कलां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। नवविवाहिता की अचानक हुई मौत से ग्रामीणों में भी शोक और चिंता का माहौल है।
थाना प्रभारी रामपुर कलां लल्ला गोस्वामी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
