पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 की व्यवस्थाओं का आईजी ने लिया जायजा, थाना खैराबाद का भी किया औचक निरीक्षण

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर सोमवार को लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस ने जनपद सीतापुर का भ्रमण कर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सूर्यबख्श सिंह इंटर कॉलेज, कमलापुर, आर.एम.पी. इंटर कॉलेज, कनवाखेड़ा रोड तथा उजागर लाल इंटर कॉलेज, सीतापुर में सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया। परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक ने थाना खैराबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क, थाना कार्यालय, मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, बंदी गृह, मेस, आरक्षी बैरक सहित पूरे थाना परिसर का भ्रमण किया गया। थाना कार्यालय के अभिलेखों एवं ड्यूटी रजिस्टरों की जांच कर उनके बेहतर रखरखाव तथा नियमित अद्यतन किए जाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सीतापुर, प्रभारी निरीक्षक खैराबाद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *