ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद नगर क्षेत्र में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) महमूदाबाद परिसर से शुक्रवार को एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समीउददीन पुत्र इदरीस, निवासी ग्राम खुरवल, थाना सदरपुर, जनपद सीतापुर, शुक्रवार को उपचार एवं दवा लेने के लिए अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (नंबर- UP34 AD 3943) से सीएचसी महमूदाबाद पहुंचे थे।
उन्होंने अस्पताल परिसर के बाहर अपनी मोटर साइकिल खड़ी कर दी और दवा लेने के लिए अंदर चले गए। दवा लेकर जब वह कुछ देर बाद वापस लौटे तो निर्धारित स्थान पर उनकी मोटरसाइकिल नहीं मिली। काफी तलाश के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं लग सका।
इसके बाद उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति उनकी मोटरसाइकिल लेकर अस्पताल परिसर से बाहर सड़क की ओर जाता हुआ दिखाई दिया।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर मोटरसाइकिल बरामद करने और आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं, अस्पताल परिसर जैसे सार्वजनिक स्थान से दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और संदिग्ध की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
