ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं जनसहयोग को प्राथमिकता देते हुए महमूदाबाद पुलिस ने एक बार फिर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस अधीक्षक सीतापुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) एवं क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना महमूदाबाद पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से 7 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया।
थाना महमूदाबाद के प्रभारी निरीक्षक भानुप्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न कंपनियों के कुल सात मोबाइल फोन खोज निकाले। बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस द्वारा सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। लंबे समय से अपने खोए हुए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों को जब उनके फोन वापस मिले तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने इस कार्य के लिए सीतापुर पुलिस और महमूदाबाद थाना पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की खुले दिल से प्रशंसा की।
मोबाइल प्राप्त करने वालों में पवन कुमार, शिव कुमार, नीलम देवी, अमर सिंह, नीरज कुमार, संदीप कुमार तथा अलाउद्दीन शामिल हैं। ये सभी थाना महमूदाबाद क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं मोहल्लों के निवासी हैं।
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक भानुप्रताप सिंह के निर्देशन में कार्यरत आरक्षी मोहित चौधरी और आरक्षी राजा बेटा की विशेष भूमिका रही। उनकी सतर्कता, तकनीकी दक्षता और लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके स्वामियों तक पहुंचाया जा सका।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होता है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उन्हें शीघ्र खोजने में मदद मिल सके।
महमूदाबाद पुलिस की यह कार्रवाई न केवल तकनीकी दक्षता का उदाहरण है, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
