ब्यूरो, रिपोर्ट सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी सिरौली के भेथरा माधव स्कूल के पास मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार मिश्रिख क्षेत्र के बेलाहिया गांव निवासी कुछ लोग बोलेरो वाहन से बाराबंकी जिले के बदोसराय स्थित एक निजी कार्यक्रम में जा रहे थे। इसी दौरान मार्ग पर साइकिल से स्कूल जा रही छात्रा अचानक सड़क के बीच आ गई। छात्रा को बचाने के प्रयास में बोलेरो चालक अनियंत्रित हो गया और वाहन लेकर सड़क किनारे खाई में जा घुसा। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी को भी चोट नहीं आई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस संबंध में सिरौली पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि अभी तक हादसे की कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है और न ही किसी के द्वारा तहरीर दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
