तीन एम्बुलेंस टीमों की तत्परता से बची घायलों की जान, सड़क हादसे में पांच लोगों को समय पर मिला उपचार

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर:  महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के भेटौरा गांव की मोड़ पर स्थित मज़ार के पास बुधवार देर रात करीब 11 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही 102 और 108 एम्बुलेंस सेवा की तीन टीमें बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंच गईं और सभी घायलों को तत्काल सीएचसी महमूदाबाद ले जाकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।

एम्बुलेंस पायलट कुलदीप कुमार, गौरव और अतुल तथा ईएमटी अभिषेक कुमार, गोपी और हरीकेश ने मौके पर पहुंचकर घायलों की स्थिति का आकलन किया। टीम ने प्राथमिक उपचार देने के साथ सभी घायलों को सावधानीपूर्वक एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद पहुंचाया, जिससे उन्हें समय रहते चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।

घायलों की पहचान बरदहा निवासी अतीक (35), करनापुर निवासी सुमित कुमार (27), चकपुरवा नबीगंज निवासी मनोज (30), रमद्वारी निवासी सहजाद (22) तथा करीब 50 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में हुई है।

सीएचसी महमूदाबाद में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल मरीजों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था सुचारु कराते हुए दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में ले लिया। स्थानीय लोगों ने समय पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य करने वाली एम्बुलेंस टीम की तत्परता की सराहना की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *