ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा प्रकाश ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, महमूदाबाद एक बार फिर प्रदेशभर में अपनी श्रेष्ठता साबित करने में सफल रहा है।
वर्ष 2026 के परीक्षा परिणामों में संस्थान ने उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल महमूदाबाद और सीतापुर जनपद, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
संस्थान का यह प्रदर्शन किसी एक वर्ष की उपलब्धि नहीं, बल्कि वर्षों की सतत मेहनत, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। पिछले एक दशक में कॉलेज ने लगातार प्रदेश और जनपद स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर अपनी अलग पहचान बनाई है।
संस्थान की उपलब्धियों पर नजर डालें तो वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश में 12वां स्थान, 2017 में 7वां स्थान, 2018 में पुनः 12वां स्थान, 2019 एवं 2020 में जनपद में प्रथम स्थान, 2022 में फिर जनपद में प्रथम स्थान, 2023 में उत्तर प्रदेश में छठा स्थान, 2024 में उत्तर प्रदेश में द्वितीय स्थान, 2025 में उत्तर प्रदेश में तृतीय स्थान तथा अब 2026 में उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान ने सफलता की नई इबारत लिख दी है।
वर्ष 2021 में बोर्ड परीक्षाएं आयोजित नहीं हुई थीं।
संस्थान प्रबंधन ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण, अभिभावकों के विश्वास और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को दिया।
प्रबंधन का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम दिलाना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन और प्रतिस्पर्धी माहौल के अनुरूप तैयार करना भी है।
इस शानदार सफलता पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे महमूदाबाद और सीतापुर के लिए गर्व का विषय बताते हुए संस्थान को बधाई दी है।
शिक्षा के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रकाश ग्रुप ऑफ कॉलेजेज आज प्रदेश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है।
