ओबीसी छात्रों के लिए निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर, आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई

ब्यूरो रिपोर्ट, लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क ‘ओ’ लेवल एवं ‘सीसीसी’ कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ऐसे छात्र-छात्राएं जिनके माता-पिता अथवा अभिभावक की वार्षिक आय एक लाख रुपये या उससे कम है तथा जो किसी अन्य शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति प्राप्त नहीं कर रहे हैं, वे इस योजना का लाभ लेने के पात्र होंगे। प्रशिक्षण भारत सरकार की नीलिट (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थानों के माध्यम से कराया जाएगा।

अभ्यर्थी पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की वेबसाइट obccomputertraining.upsdc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने प्रशिक्षण संस्थाओं के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली है और चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण 1 अगस्त 2026 से प्रारंभ किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, ‘ओ’ लेवल कंप्यूटर प्रशिक्षण की अवधि एक वर्ष तथा सीसीसी (CCC) प्रशिक्षण की अवधि तीन माह निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण का पूरा खर्च विभाग द्वारा वहन किया जाएगा। ‘ओ’ लेवल प्रशिक्षण के लिए प्रति प्रशिक्षार्थी 15 हजार रुपये तथा सीसीसी प्रशिक्षण के लिए 3,500 रुपये संबंधित संस्थानों को विभाग की ओर से सीधे भुगतान किए जाएंगे।

पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील करते हुए कहा है कि यह योजना युवाओं को डिजिटल शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *