ब्यूरो रिपोर्ट सीतापुर : कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम सदरावां निवासी 21 वर्षीय युवक अनिकेत कुमार के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजनों ने युवक की काफी तलाश की, लेकिन सोमवार सुबह तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिकेत कुमार पुत्र आनंद कुमार उर्फ बबलू, निवासी ग्राम सदरावां, रविवार 28 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे महमूदाबाद चीनी मिल रोड स्थित एक निजी दुकान पर काम करने के लिए घर से निकला था। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
बताया जा रहा है कि पिता आनंद कुमार उर्फ बबलू पुत्र सोनेलाल एवं अन्य परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन सोमवार तड़के करीब 4 बजे तक अनिकेत के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
युवक के अचानक लापता होने से परिवार के लोग बेहद परेशान हैं। इस संबंध में परिजनों ने कोतवाली महमूदाबाद पहुंचकर पुलिस को सूचना दे दी है और युवक की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
पुलिस मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। वहीं, परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को अनिकेत कुमार के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन अथवा उसके परिवार को सूचित करें।
