ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद नगर क्षेत्र गुरुपूर्णिमा के पावन पर्व पर महमूदाबाद की ऐतिहासिक संगत में गुरु पूजन, दर्शन एवं पूजा-अर्चना को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। किसी भी प्रकार का विवाद अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए महमूदाबाद पुलिस प्रशासन की ओर से संगत परिसर में पुलिस एवं पीएसी के जवानों की तैनाती की गई।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच संगत परिसर में श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में गुरु पूजन एवं पूजा-अर्चना की। पुलिस और पीएसी के जवान पूरे समय मौके पर मुस्तैद रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
गुरुपूर्णिमा के अवसर पर संगत के महंत द्वारा विधि-विधान से गुरु पूजन एवं पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संगत पहुंचकर दर्शन किए और गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की।
पुलिस प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के चलते गुरुपूर्णिमा का धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा।
स्थानीय लोगों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना आवश्यक है, ताकि सभी श्रद्धालु बिना किसी भय या विवाद के अपनी आस्था के अनुसार पूजा-अर्चना कर सकें।
