लो-वोल्टेज और जर्जर विद्युत उपकरणों से बढ़ी समस्या, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की

ब्यूरो रिपोर्ट बाराबंकी : फतेहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर मंगलवार को स्थानीय लोगों ने उपजिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार वैशाली अहलावत को सौंपा और जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग उठाई।

ज्ञापन में बताया गया कि नगर क्षेत्र के कई हिस्सों में दिन और रात के समय बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। विशेषकर रात में फेज कटने और लो-वोल्टेज की समस्या के चलते घरों में लगे इनवर्टर भी ठीक से चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। इससे लोगों को उमस और गर्मी के बीच रात गुजारने में परेशानी हो रही है।

स्थानीय नागरिकों के मुताबिक क्षेत्र में लगे कुछ ट्रांसफार्मर कम क्षमता के हैं, जबकि कई स्थानों पर विद्युत उपकरण लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। इसके चलते विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित होने की समस्या सामने आ रही है।

ज्ञापन के माध्यम से मस्तान रोड, नालापार दक्षिणी, मछली मंडी, ब्रह्मनी टोला, पुलिस चौकी, पटेल चौराहा, पचवारा, सराय बाजार और बाबूराम होटल के सामने समेत विभिन्न स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा पुराने और खराब विद्युत उपकरणों को बदलने की मांग की गई है।

वहीं, जिला जमीयत उलेमा बाराबंकी के उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी मोहम्मद शाकिर बहलीम के नेतृत्व में भी ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते बिजली संबंधी समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं किया गया ।

तो आम जनता की परेशानी और बढ़ सकती है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की। ज्ञापन पर क्षेत्र के कई स्थानीय लोगों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताते हुए बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग का समर्थन किया।

लोगों ने विशेष रूप से रात के समय होने वाली अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *