बेटे की हत्या के पांच माह बाद भी नहीं मिला न्याय, पीड़ित परिवार थाना परिसर में धरने पर बैठा, न्यायिक जांच व गिरफ्तारी की मांग

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : थाना रामपुर कलां क्षेत्र के ग्राम रहिका मजरे घैला, पोस्ट सिरसा खुर्द निवासी झब्बू लाल पुत्र सोबरन लाल अपने पुत्र बबलू की हत्या के मामले में पिछले पांच माह से न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना को करीब पांच महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है और मुकदमे में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। न्याय न मिलने से क्षुब्ध परिवार रविवार को सैकड़ों ग्रामीणों के साथ थाना रामपुर कलां परिसर में धरने पर बैठ गया।

पीड़ित पिता झब्बू लाल ने बताया कि उन्होंने 29 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक सीतापुर को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी।

उनका आरोप है कि उनके पुत्र बबलू का गांव की एक युवती से बातचीत होती थी, जिसको लेकर कुछ लोगों ने उसे पहले फोन पर धमकाया था और जान से मारने की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद 14 मार्च 2026 को बबलू संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन उनका आरोप है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

परिजनों के अनुसार, 31 मार्च 2026 को बबलू का शव बाराबंकी जनपद के भगौली पुल के आगे शंकरपुर गांव के पास शारदा नहर से बरामद हुआ। इस संबंध में थाना रामपुर कलां में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन पीड़ित परिवार का कहना है कि अब तक सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

झब्बू लाल का आरोप है कि हत्या में शामिल बताए जा रहे कुछ आरोपी आज भी खुलेआम घूम रहे हैं तथा परिवार पर समझौते का दबाव बनाने के साथ-साथ धमकियां भी दे रहे हैं। इससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन व्यतीत करने को मजबूर है।

न्याय की मांग को लेकर रविवार दोपहर करीब तीन बजे पीड़ित परिवार अपने परिजनों, ग्रामीणों एवं समर्थकों के साथ थाना रामपुर कलां परिसर में धरने पर बैठ गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी बात सुनें, मामले की निष्पक्ष जांच कराएं और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करें।

धरने को दलित पिछड़ा शोषित एकता समिति (डी.पी.एस.) का भी समर्थन मिला। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजीत सिंह विद्रोही, जिलाध्यक्ष अम्बरीष कुमार बौद्ध, जिला प्रभारी अमित कुमार गौतम, जिला सलाहकार सुरेश प्रकाश बौद्ध, राष्ट्रीय सलाहकार एम.के. सिंघानिया तथा समाजसेवी खुशी राम सहित सैकड़ों लोग पीड़ित परिवार के समर्थन में धरने पर बैठे और निष्पक्ष जांच व दोषियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।

धरने की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी लल्ला गोस्वामी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार तथा प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। हालांकि पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई चाहिए, ताकि उनके पुत्र बबलू की हत्या के मामले में उन्हें न्याय मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *