महमूदाबाद सीएचसी में देर रात हंगामा, प्रसव कक्ष में जाने से रोकने पर स्टाफ से मारपीट का आरोप,पुलिस से कि शिकायत

ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर: महमूदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार देर रात मरीज के साथ पहुंचे दो युवकों को प्रसव कक्ष में जाने से रोकना स्वास्थ्यकर्मियों को भारी पड़ गया। आरोप है कि रोकने से नाराज युवकों ने अस्पताल की महिला कर्मचारी के साथ मारपीट और अभद्रता की। बीच-बचाव करने पहुंची स्टाफ नर्स के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा मच गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सदरपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव निवासी राजकुमार और रामू रात करीब 10 बजे एक मरीज को लेकर सीएचसी महमूदाबाद पहुंचे थे। दोनों प्रसव कक्ष की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे। ड्यूटी पर तैनात महिला स्वीपर खुशबू ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों युवकों और कर्मचारी के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि कहासुनी के दौरान मामला बढ़ गया और दोनों युवकों ने खुशबू के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर स्टाफ नर्स प्रीति सिंह मौके पर पहुंचीं और हस्तक्षेप करते हुए कर्मचारी को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ भी मारपीट की और अभद्रता की। घटना से अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों व तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई।

शराब के नशे में होने का आरोप : स्टाफ नर्स प्रीति सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों युवक शराब के नशे में थे और प्रसव कक्ष के अंदर जाने की जिद कर रहे थे। रोकने पर पहले उन्होंने स्वीपर खुशबू के साथ मारपीट की और बाद में बीच-बचाव करने पहुंचने पर उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया।

तहरीर देकर कार्रवाई की मांग : घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर तक हंगामे का माहौल बना रहा। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पीड़ित स्टाफ नर्स प्रीति सिंह महमूदाबाद कोतवाली पहुंचीं और दोनों युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई : कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और उसके आधार पर जांच की जा रही है। घटना के संबंध में संबंधित लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीएचसी अधीक्षक ने कहा, अस्पताल में अनुशासन बनाए रखना जरूरी : सीएचसी अधीक्षक आशीष कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मामले को गंभीरता से लिया गया। उन्होंने कहा कि प्रसव कक्ष में अनधिकृत रूप से प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा सकती, क्योंकि वहां मरीजों की सुरक्षा और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखना होता है। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली गई है और प्रकरण की जानकारी पुलिस को भी दी गई है।

अधीक्षक ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों से सहयोग बनाए रखने की अपील की जाती है। किसी भी प्रकार का विवाद या अभद्र व्यवहार होने पर अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित होती है। मामले में पुलिस स्तर से जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *