ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद में कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को लेकर पूर्व नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के चेयरमैन प्रतिनिधि एवं समाजसेवी अम्बरीष गुप्ता ने गुरुवार को जनहित का मुद्दा उठाते हुए सीतापुर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. को संबोधित ज्ञापन महमूदाबाद के उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सिधौली क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के दोनों ओर जर्जर पड़े मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने तथा ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई।
अम्बरीष गुप्ता ने कहा कि सिधौली क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज के दोनों ओर सड़क की स्थिति बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण राहगीरों के साथ-साथ कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से रविवार और सोमवार को भगौली तथा महादेवा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। ऐसे में जर्जर सड़क श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा सकती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि रविवार से पहले सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर उसे आवागमन के लिए सुगम बनाया जाए, ताकि कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही सिधौली रोड पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई।
ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते जर्जर मार्ग को दुरुस्त नहीं कराया गया तो श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान मार्ग पर बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए सड़क की मरम्मत बेहद जरूरी है।
पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि एवं समाजसेवी अम्बरीष गुप्ता द्वारा जनसमस्या को लेकर उठाई गई इस मांग के दौरान पंकज कुमार, राम कुमार यादव, आशीष कुमार वर्मा, हनुमान प्रसाद, सुशील कुमार, अखिलेश सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
