लखनऊ में पति ने अपनी पत्नी और बहन की हत्या के बाद खुद को भी मारी गोली ,पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम हेतु भेजा

ब्यूरो रिपोर्ट,लखनऊ:  थाना गोमती नगर क्षेत्र के हुसड़िया चौराहे के पास में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। प्राप्त जानकारी  मानस बाजपेई ने पहले अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या की। इसके बाद करीब दो किलोमीटर दूर स्थित अपने घर पहुंचकर बहन को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद किया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक: मानस दोपहर करीब 12 बजे कार से ICICI बैंक पहुंचा था। वहां उसने फोन कर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को बैंक के बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने दिव्या को गोली मार दी और वहां से फरार हो गया।

मानस वारदात के बाद वह सीधे अपने घर पहुंचा: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह पसीने से पूरी तरह भीगा हुआ था। घर में दाखिल होने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ समय बाद अंदर से आवाजें सुनाई दीं। बताया जा रहा है कि मानस ने अपनी बहन को भी गोली मार दी और इसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

पड़ोसियों को जब अंदर से कोई हलचल सुनाई दी तो उन्होंने दरवाजा तोड़ा। कमरे के भीतर भाई-बहन के शव खून से लथपथ हालत में मिले। पुलिस को घटनास्थल से हथियार भी बरामद हुआ है। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से मामले की जानकारी ली।

पत्नी से चल रहा था विवाद : पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दिव्या मिश्रा की उम्र करीब 33 वर्ष थी और वह ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर काम कर रही थीं। वह रिलेशनशिप मैनेजर की जिम्मेदारी भी संभाल रही थीं। उनकी शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी। बताया गया है कि करीब एक साल पहले दिव्या ने अपने पति मानस बाजपेई से तलाक के लिए अदालत में अपील दायर की थी। इसके बाद वह आलमबाग क्षेत्र में रहने लगी थीं।

मानस के एक कथित स्टेटस को भी जांच में अहम माना जा रहा है। उसमें उसने पत्नी की हत्या की बात कहते हुए आरोप लगाया कि पत्नी ने उसके साथ धोखा किया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बहन के साथ रहता था मानस : मानस बाजपेई अपनी बहन के साथ हुसड़िया चौराहे के पास किराए के मकान में रहता था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। पड़ोसियों के मुताबिक, घटना से पहले मानस अचानक घर पहुंचा और कुछ ही देर में अंदर से गोली चलने की आवाजें आने लगीं।

परिजनों से हुई बातचीत में यह बात भी सामने आई है कि मानस की बहन पिछले कुछ वर्षों से मानसिक रूप से परेशान और बीमार थी। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस दोनों परिवारों के सदस्यों के बयान दर्ज कर रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पत्नी की हत्या के पीछे वैवाहिक विवाद, तलाक और कथित धोखे के आरोपों समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

गोमतीनगर हत्याकांड पर DCP पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा का बयान : DCP पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि 20 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे गोमतीनगर थाना क्षेत्र में ICICI बैंक के सामने एक महिला को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद इसी थाना क्षेत्र के हुसड़िया इलाके में एक व्यक्ति द्वारा खुद को गोली मारने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो जांच में सामने आया कि बैंक के सामने महिला को गोली मारने वाला व्यक्ति उसका पति मानस था। इसके बाद उसने अपनी बहन को भी गोली मार दी और खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

DCP के मुताबिक: मृतक महिला के पति मानस ने घटना के बाद WhatsApp पर एक स्टेटस भी लगाया था, जिसमें उसने घटना का जिक्र किया था। फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *