ब्यूरो,रिपोर्ट सीतापुर: पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं त्वरित अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मिश्रिख थाना पुलिस ने एक फर्जी लूट का पर्दाफाश किया है। मामला थाना मिश्रिख क्षेत्र का है, जहां वादी रवि चौहान पुत्र जगदीश सिंह निवासी शिवनगर, थाना गजरौला, जनपद पीलीभीत, ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि वह एल एंड टी फाइनेंस में फील्ड लोन ऑफिसर के पद पर कार्यरत है। उसने आरोप लगाया था कि 01 नवंबर 2025 की शाम लगभग 6:20 बजे दौलतपुर से सिकटिहा के बीच प्रतापपुर गांव के पास तीन अज्ञात बाइक सवारों ने उसकी बाइक पर लात मारकर बैग छीना और 46,400 रुपये लेकर भाग गए। वादी की तहरीर पर थाना मिश्रिख में मुकदमा संख्या 281/25 धारा 115(2)/126(2)/304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी मिश्रित आलोक प्रसाद के पर्यवेक्षण में थाना मिश्रिख पुलिस टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान साक्ष्य एकत्र करने और वादी से गहन पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि वादी द्वारा बताई गई लूट की घटना पूरी तरह से फर्जी थी इस मामले की जांच में सामने आया कि वादी रवि चौहान ऑनलाइन गेम खेलने का शौकीन है और उसने ऑनलाइन गेम में बड़ी रकम हार दी थी। उसी नुकसान को छिपाने के लिए उसने फर्जी लूट की कहानी गढ़कर मुकदमा दर्ज कराया था। पूछताछ के दौरान वादी ने स्वयं भी इस बात को स्वीकार किया। पुलिस ने फर्जी लूट की इस घटना का पर्दाफाश करते हुए वादी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी मिश्रित आलोक प्रसाद, प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह, अपराध निरीक्षक अखिलेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक शिवकुमार यादव, राजकुमार यादव, कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, सुनील कुमार, जितेंद्र सिंह, संजीव कुमार, कोमल सिंह आदि समेत सीतापुर पुलिस टीम ने एक बार फिर सतर्कता और तत्परता का परिचय देते हुए फर्जी मुकदमा दर्ज कराने वालों को चेतावनी दी है कि इस प्रकार की हरकतों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
