ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद में विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 के अवसर पर यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन शाखा सीतापुर एवं ऑल इंडिया एक्टिव फार्मासिस्ट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इस वर्ष की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना” पर चर्चा करते हुए फार्मासिस्टों की भूमिका, अधिकारों और वर्तमान समस्याओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन के जिलाध्यक्ष रंजीत यादव (रिशू) ने फार्मासिस्टों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रैक्टिस रेगुलेशन एक्ट लागू करने, आयुष्मान केंद्रों पर फार्मासिस्टों की तैनाती तथा फार्मासिस्ट प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के दौरान आने वाली समस्याओं का समाधान कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ऑल इंडिया एक्टिव फार्मासिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकुर रावत ने दोनों संगठनों की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि फार्मासिस्टों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर दोनों संगठन आपसी समन्वय के साथ आगे भी मिलकर कार्य करेंगे।
यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन के जिला महामंत्री रविराम ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में उनकी अहम भूमिका है।
कार्यक्रम के दौरान जिला अस्पताल में फार्मासिस्ट साथियों की ओर से मरीजों को फल वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से फार्मासिस्टों ने जनसेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार, मीडिया प्रभारी नीरज कुमार, दुर्गेश कुमार, शिव प्रसाद, निर्मल, भूपेंद्र यादव, अमरीश यादव सहित ऑल इंडिया एक्टिव फार्मासिस्ट एसोसिएशन के दिनेश कार्तिक, रवींद्र जायसवाल, पवन कुमार, अमन राजवंशी, कपिल कुमार, संदीप कुमार, जितेंद्र और विनीत समेत बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में फार्मासिस्टों ने संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने, प्रशिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने, कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के समाधान तथा स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की भूमिका को और मजबूत करने को लेकर सामूहिक रूप से विचार व्यक्त किए।
