भदरास से बजगहनी जाने वाले मुख्यमार्ग पर जलभराव से राहगीर परेशान, जल निकासी की समुचित व्यवस्था की मांग

ब्यूरो रिपोर्ट,बाराबंकी : थाना घुंघटेर क्षेत्र के भदरास गांव से बजगहनी जाने वाले मार्ग पर स्थित भदरास चौराहे के पास इन दिनों जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण राहगीरों के साथ-साथ पैदल आवागमन करने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश का पानी सड़क पर जमा होने के बाद उसकी निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है। मार्ग से प्रतिदिन आने-जाने वाले लोगों को जलभराव के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। पैदल राहगीरों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी पानी के कारण आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।

राहगीरों और स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से भदरास चौराहे के पास जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने तथा सड़क पर जमा पानी की निकासी कराकर मार्ग को सुगम बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *