ब्यूरो ,रिपोर्ट सीतापुर: महमूदाबाद क्षेत्र में मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए 102 एंबुलेंस के कर्मचारियों ने चलती एंबुलेंस में गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। एंबुलेंस में नवजात की किलकारी गूंजते ही परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। एंबुलेंस पायलट कुलदीप कुमार और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) विनीत कुमार की सूझबूझ एवं तत्परता की परिजनों ने सराहना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहेवा के पास नई बस्ती गांव की निवासी संगीता देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए 102 एंबुलेंस की सहायता ली। एंबुलेंस संख्या UP 32 FG 2704 से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महमूदाबाद ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक संगीता देवी की प्रसव पीड़ा तेज हो गई, जिससे स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस कर्मियों ने तत्काल आवश्यक कदम उठाए।
परिस्थिति को समझते हुए एंबुलेंस पायलट कुलदीप कुमार और EMT विनीत कुमार ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया। EMT विनीत कुमार ने एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद उन्होंने जच्चा और नवजात की आवश्यक प्राथमिक देखभाल की और दोनों की सुरक्षा का ध्यान रखा। प्रसव के बाद एंबुलेंस कर्मियों ने बिना देर किए मां और नवजात को सीएचसी महमूदाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों की जांच की।
परिजनों के अनुसार, समय पर 102 एंबुलेंस की सुविधा मिलने और एंबुलेंस कर्मचारियों की तत्परता से संगीता देवी तथा नवजात को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। परिजनों ने पायलट कुलदीप कुमार और EMT विनीत कुमार के कार्य की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
एंबुलेंस कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा बनी मिसाल: आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस कर्मियों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण होती है, यह घटना एक बार फिर दर्शाती है। विपरीत परिस्थिति में धैर्य बनाए रखते हुए EMT विनीत कुमार द्वारा प्रसव कराना और पायलट कुलदीप कुमार द्वारा मां-बच्चे को सुरक्षित स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाना सराहनीय रहा। घटना के बाद परिवार में खुशी का माहौल रहा।
