ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद नगर क्षेत्र के व्यस्ततम रामकुंड चौराहे पर सुबह के समय लगने वाले जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या को लेकर सभासदों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। चौराहे पर लगने वाले लेबर अड्डे और सब्जी मंडी को हटाकर बरदही बाजार रोड पर स्थानांतरित कराने की मांग को लेकर सभासद आशुतोष वाजपेई ‘अनल’ सहित नगर के अन्य सभासदों ने उपजिलाधिकारी महमूदाबाद को ज्ञापन सौंपा। सभासदों ने जनहित और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि रामकुंड चौराहे पर सुबह के समय बड़ी संख्या में मजदूरों के एकत्र होने और सब्जी मंडी लगने से यातायात प्रभावित होता है। इसी दौरान आसपास के शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का आवागमन भी रहता है। स्कूल वैन और बसों के गुजरने के समय जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। सभासदों ने आशंका जताई कि सड़क पर अव्यवस्था के चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
पहले भी चिन्हित हो चुका है स्थान : सभासदों के मुताबिक, रामकुंड चौराहे पर जाम की समस्या को देखते हुए पूर्व में भी प्रशासन की ओर से बरदही बाजार रोड पर लेबर अड्डे के लिए स्थान चिन्हित कर उसे स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ समय बाद दोबारा चौराहे पर लेबर अड्डा लगने लगता है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
ज्ञापन के माध्यम से सभासदों ने मांग की कि लेबर अड्डे और सब्जी मंडी को निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट और प्रभावी निर्देश जारी किए जाएं। उनका कहना है कि इस कदम से रामकुंड चौराहे पर जाम की समस्या कम करने के साथ विद्यार्थियों, स्कूल वाहनों और आम नागरिकों को राहत मिल सकती है।
इस दौरान सभासद आशुतोष वाजपेई ‘अनल’, कालिका प्रसाद, किरण यादव, शिवपाल रावत सहित नगर के अन्य सभासद मौजूद रहे। ज्ञापन की प्रतियां नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के अधिशासी अधिकारी और कोतवाली प्रभारी को भी भेजी गई हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर क्या कदम उठाता है।
