ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना रामपुर कलां क्षेत्र के लालापुर चौराहे (बाजार) में चोरी की घटनाओं ने दुकानदारों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बीती रात चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह दुकानों के ताले टूटे मिलने और चोरी की जानकारी होने पर पीड़ित दुकानदारों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भय और आक्रोश है। पीड़ित दुकानदारों ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने और चोरी की घटना का खुलासा करने की मांग की है।
तीन दुकानों को बनाया निशाना : प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर तीन दुकानों के ताले तोड़ दिए और अंदर रखा सामान चोरी कर लिया। पीड़ित सत्यम पटेल उर्फ अवनीश कुमार की दुकान से करीब 10 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी होने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी सुबह होने पर दुकानदारों ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
इस मामले में पीड़ित सत्यम पटेल उर्फ अवनीश कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी ग्राम सैर, हनीफ अहमद पुत्र इंदू अली तथा हरिनाम वर्मा पुत्र श्याम लाल वर्मा, निवासीगण ग्राम तेजनीपुर, थाना रामपुर कलां ने थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर चोरी की घटनाओं की जांच कराने की मांग की है।
पीड़ितों ने चोरी गए सामान की बरामदगी और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।
चौराहे पर जुए के कारोबार को लेकर भी आरोप : चोरी की घटनाओं के बीच ग्रामीणों ने क्षेत्र में कथित रूप से संचालित जुए के कारोबार को लेकर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि चौराहे के पास कुछ लोगों द्वारा प्रतिदिन लाखों रुपये का जुआ खेला जाता है।
उनका आशंका है कि क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों से अपराध बढ़ने की संभावना हो सकती है। हालांकि, जुए के कारोबार और चोरी की घटनाओं के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। इन आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
रात्रि में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग : लगातार चोरी की घटनाओं की आशंका से परेशान ग्रामीणों और दुकानदारों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। साथ ही पीड़ितों ने मामले का जल्द खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी कराने की अपील की है।
