सीतापुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, पुलिसकर्मियों ने लगाई एकता दौड़,151वीं जयंती मनाई गई

 

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद के अलग -अलग थाना क्षेत्रों में देश के लौह पुरुष एवं स्वतंत्र भारत के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को जनपद सीतापुर में राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से रिजर्व पुलिस लाइन सहित जनपद के समस्त थानों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के क्रम में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने तथा देशवासियों के बीच एकता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।

इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के असाधारण व्यक्तित्व, दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी कुशल नेतृत्व क्षमता और दृढ़ संकल्प से देश को एकता के सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके आदर्श आज भी राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने की प्रेरणा देते हैं।

वहीं, राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद के समस्त थानों एवं विभिन्न उपयुक्त स्थानों पर ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) और मार्च पास्ट का आयोजन किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के सपने को साकार करने तथा देश की विविधता में एकता के बंधन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *