ब्यूरो रिपोर्ट सीतापुर: महमूदाबाद नगर में मां संकटा देवी धाम परिसर स्थित सत्संग भवन में गुरुवार को सात दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षकों के बेसिक प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण के पहले दिन लखनऊ, झांसी, हरदोई, बाराबंकी और सीतापुर जनपदों से आए कुल 85 प्रशिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पुलिस क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने ध्वज शिष्टाचार के साथ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह चरित्र निर्माण, आत्मनिर्भरता, अनुशासन और निःस्वार्थ सेवा की भावना को मजबूत करता है। शिविरों, साहसिक गतिविधियों और प्राथमिक चिकित्सा जैसे प्रशिक्षणों के माध्यम से युवा जीवनोपयोगी कौशल सीखते हैं और जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।
इस शिविर के प्रथम दिन प्रतिभागी प्रशिक्षकों का पंजीकरण, टोली गठन एवं परिचयात्मक गतिविधियां संपन्न कराई गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वज शिष्टाचार, झंडा गीत एवं प्रार्थना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि का स्वागत जिला मुख्य आयुक्त भारत स्काउट एवं गाइड आर.के. वाजपेयी ने माल्यार्पण एवं स्कार्फ पहनाकर किया।
इस अवसर पर जिला स्काउट मास्टर राजेंद्र त्रिपाठी, आशीष पांडेय, रूपेश अवस्थी, नीरज पांडेय, जिला आयुक्त कब विनय शुक्ल, वरिष्ठ प्रशिक्षक अनिल बंशवार, पुष्पराज सिंह, अभिषेक कुमार, दीपक राठौर, संजय कश्यप, आकांक्षा सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
