ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर : महमूदाबाद में स्काउट-गाइड केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि सेवा भावना, समाज कल्याण और सामुदायिक विकास से जुड़ने का सशक्त माध्यम है। यह युवाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। कैंपिंग, गाँठ लगाना, प्राथमिक चिकित्सा, नक्शा पढ़ना जैसे व्यावहारिक कौशल जीवन में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी का भाव पैदा करते हैं।
यह विचार भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में महमूदाबाद स्थित मां संकटा देवी धाम के सत्संग भवन में आयोजित सात दिवसीय बेसिक कोर्स प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन मुख्य प्रशिक्षक राजेन्द्र त्रिपाठी ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन की शुरुआत ध्वज शिष्टाचार से हुई। इसके पश्चात प्रशिक्षुओं को स्काउटिंग के आधारभूत सिद्धांत व विधियाँ, स्काउट प्रतिज्ञा एवं नियम, स्काउट आंदोलन का परिचय, स्काउट चिन्ह, सैल्यूट व बायाँ हाथ मिलाने का महत्व, हाथी एवं सीटी के संकेत, खोज के चिन्ह, अनुशासन तथा कलर पार्टी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर जिला मुख्यायुक्त रमेश वाजपेयी ने प्रशिक्षण की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशिक्षकों और प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएँ दीं। जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट मास्टर आशीष पाण्डेय एवं सहायक जिला आयुक्त अनिल बंशवार ने स्काउटिंग के इतिहास पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण शिविर में सहायक प्रशिक्षक दीपक राठौर, संजय कश्यप, मनोज यादव व शशिबाला द्वारा स्काउट एवं गाइड कोर्स, जबकि कब एवं फ्लॉक लीडर कोर्स में शिविर संचालक अभिषेक वर्मा, फ्लॉक शिविर संचालिका मालती वर्मा तथा सहायक प्रशिक्षक पुष्पराज व आकांक्षा सिंह द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर में लखनऊ, हरदोई, बाराबंकी, झांसी एवं सीतापुर जनपदों से आए बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।
