ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद में मातृत्व के सम्मान और पारिवारिक मूल्यों को समर्पित मदर्स डे की पूर्व संध्या पर प्रकाश ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में एक भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ उनकी माताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर विद्यालय परिसर को स्नेह, अपनत्व और उल्लास से भर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने गीत, कविता, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के त्याग, ममता और संघर्ष को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी माताओं को भावुक कर दिया और पूरा वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में माताओं और बच्चों के बीच कई मनोरंजक एवं प्रेरणादायक गतिविधियां भी कराई गईं, जिनमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। माताओं ने विद्यालय परिवार द्वारा दिए गए सम्मान और अपनत्व की सराहना करते हुए इसे यादगार पहल बताया।
विद्यालय प्रबंधन ने अपने संबोधन में कहा कि मां केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि बच्चों की प्रथम गुरु और सबसे बड़ी प्रेरणा होती हैं। बच्चों के संस्कार, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मां की भूमिका अतुलनीय है। विद्यालय सदैव ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कृति और बड़ों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में सभी माताओं को मदर्स डे की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके त्याग, समर्पण, स्नेह और ममता को नमन करते हुए सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन ने विद्यालय परिवार और अभिभावकों के बीच आत्मीय संबंधों को और अधिक मजबूत करने का कार्य किया।
