ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र में तेज रफ्तार मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार ने लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना रामपुर कलां क्षेत्र के नयागांव निवासी कुतुबुद्दीन पुत्र नसरुद्दीन उम्र करीब 19 वर्ष रविवार 10 मई 2026 को लगभग 12 बजे अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP 34 BV 8892 से महमूदाबाद की ओर आ रहे थे। इसी दौरान शारदा नहर स्थित मोड़ के पास तेज रफ्तार मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कुतुबुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ती रहती हैं, जिससे आम राहगीरों और छोटे वाहनों को हमेशा खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
और वहीं महमूदाबाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं चालक की तलाश में जुटी हुई है।
