ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद क्षेत्र के सदरपुर में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने मंगलवार को थाना सदरपुर में नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र, प्रभारी निरीक्षक कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना और हवालात का उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम में थाना सदरपुर पर तैनात नवनियुक्त महिला आरक्षियों से फीता कटवाकर नई सुविधाओं का शुभारंभ कराया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन नई सुविधाओं से थाना स्तर पर कार्य प्रबंधन और अधिक प्रभावी होगा। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने महिला आरक्षियों को अपने दायित्व पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उक्त उद्घाटन कार्यक्रम के बाद पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक थानगांव, महमूदाबाद, बिसवां, सदरपुर, प्रतिसार निरीक्षक तथा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी ने पुलिस परिवार के साथ ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगलवार के अवसर पर आमजन को प्रसाद वितरित किया और नागरिकों से पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की।
नवनिर्मित सुविधाओं के शुरू होने से थाना सदरपुर को आधुनिक और अधिक सुसज्जित स्वरूप मिलेगा, जिससे महिलाओं की सुरक्षा, त्वरित शिकायत निस्तारण और प्रभावी पुलिस व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
