ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र में बिसवां रोड स्थित अतरौली के पास गुरुवार शाम करीब 3:30 बजे एक तेज रफ्तार कार ने दो ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महमूदाबाद पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा चालक शेखर निवासी बिलौली बाजार सवारियों को लेकर महमूदाबाद से बिलौली की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज गति से आ रही औरा कार संख्या UP32PJ1587 ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के एयरबैग तक खुल गए।
हादसे की चपेट में पास से गुजर रहा एक अन्य ई-रिक्शा भी आ गया, जिसमें फ्रिज समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान लदा हुआ था। टक्कर से दोनों ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में शाहनवाज (12) पुत्र यूसुफ निवासी बिलौली बाजार, मोहम्मद नदीम पुत्र यूसुफ, जूली (18) पुत्री बृजेश कुमार निवासी पचदेवरा तथा एक अज्ञात व्यक्ति घायल हो गए। इनमें शाहनवाज और जूली की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ई-रिक्शा चालक शेखर ने आरोप लगाया कि कार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया। उसकी पहचान अमित विश्वकर्मा पुत्र गिरिजा शंकर विश्वकर्मा निवासी बिसवां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गोंडा से अपने घर लौट रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही कांस्टेबल आशीष कुमार, सुनील मिश्रा समेत अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंच कर और घायलों को अस्पताल भेजवाया। साथ ही पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार के कारण प्रतीत हो रहा है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
