ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद में पुलिस ने चर्चित ‘परदेशी बाबा’ हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 मई 2026 को थाना संदना क्षेत्र में एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। बाद में शव की पहचान सत्यनारायण यादव उर्फ परदेशी बाबा निवासी नजर नगर, थाना मलिहाबाद, जनपद लखनऊ के रूप में हुई। इस मामले में थाना संदना पर मुकदमा संख्या 130/26 धारा 103(1), 238A बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने वांछित आरोपी नागेन्द्र पुत्र सीताराम निवासी ग्राम नवीनगर, थाना मलिहाबाद, जनपद लखनऊ को मलिहाबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मां सियावती का करीब 17-18 वर्षों से परदेशी बाबा इलाज कर रहा था, लेकिन उसकी मां पूरी तरह ठीक नहीं हो पा रही थी। आरोपी को शक था कि बाबा ने उसकी मां को तंत्र-मंत्र के प्रभाव में फंसा रखा है। इसी बात को लेकर लगभग छह महीने पहले उसका बाबा से विवाद भी हुआ था।
आरोपी ने बताया कि 12 मई 2026 को उसने चाकू से गला काटकर परदेशी बाबा की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने मृतक के हाथ-पैरों में कीलें भी ठोंक दीं। आरोपी का कहना था कि उसे किसी ने बताया था कि किसी तांत्रिक की हत्या के बाद उसके हाथ-पैर में कील ठोक देने से उसकी आत्मा नहीं भटकती।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मृतक का आधार कार्ड, पर्स, कपड़े और घटना के समय पहने गए अपने कपड़े, जूते व दस्ताने जला दिए थे। मौके से पुलिस को जली हुई राख भी मिली है, जिसकी फोटोग्राफी कराई गई।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि घटना के बाद उसने मृतक का मोबाइल फोन सिधौली क्षेत्र में सरायन नदी पर बने बालजती पुल से नदी में फेंक दिया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
