ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: जनपद में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान (जिला प्रशिक्षण वर्ग)-2026 का समापन प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा के प्रेरक उद्बोधन के साथ संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में दो दिनों के दौरान कुल 11 सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न प्रशिक्षकों ने पार्टी के प्रशिक्षुओं को संगठन, विचारधारा और कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के इतिहास, विकास और वैचारिक यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के संघर्षों और योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा केवल सत्ता की राजनीति करने वाला दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण को अपना मूल उद्देश्य मानने वाला संगठन है।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्रित्व काल में भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिला, जबकि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर और अधिक सशक्त होकर उभरा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के बाद सभी को मिशन-2027 में पूरी ताकत से जुटना है और दो-तिहाई बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में भाजपा का परचम लहराना है। इसके लिए बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए अनुशासन के साथ कार्य करना होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी पूर्व सांसद रेखा वर्मा ने कार्यकर्ताओं से संगठित होकर पार्टी द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पार्टी की कार्यप्रणाली और संगठनात्मक संरचना पर विस्तार से जानकारी दी।
अंत में जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रशिक्षुओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से आज से ही मिशन-2027 में सक्रिय रूप से जुट जाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण वर्ग की संयोजक एवं प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने भी सभी प्रतिभागियों और प्रशिक्षकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर विधायक शशांक त्रिवेदी, विधायक मनीष रावत, विधायक रामकृष्ण भार्गव, निवर्तमान विधायक सुनील वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, क्षेत्रीय महामंत्री नीरज वर्मा, पूर्व एमएलसी राकेश सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, राष्ट्रीय परिषद सदस्य राकेश त्रिपाठी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
