ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जनपद स्तरीय पीस कमेटी एवं कानून व्यवस्था की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने की। बैठक में अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, नगर मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पाण्डेय, विभिन्न क्षेत्रों के धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने जनपदवासियों से बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए और कुर्बानी केवल निर्धारित एवं पारंपरिक स्थलों पर ही की जाए।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा लगातार गश्त की व्यवस्था रहेगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। लोगों से अपील की गई कि सार्वजनिक स्थलों, सड़कों एवं नालियों में कुर्बानी के अवशेष न फेंके जाएं और प्रशासन का सहयोग करें।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए बकरीद पर्व को शांति और भाईचारे के साथ संपन्न कराने का आश्वासन दिया।
प्रशासन ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी समस्या या संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने की अपील की।
