तेज आंधी का कहर में पक्की दीवार और छप्पर गिरने से बुजुर्ग की मौत, बहु घायल 

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद क्षेत्र के थाना सदरपुर इलाके के रंडा लच्छीपुर गांव में सोमवार देर शाम आए तेज तूफान और बारिश ने एक परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। तेज आंधी के चलते पक्की दीवार और उसके सहारे बना छप्पर अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसके नीचे दबकर एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्रवधू घायल हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी मूलचंद्र (65) पुत्र नंदा रोज की तरह रात में भोजन करने के बाद घर के बाहर पक्की दीवार के सहारे बने छप्पर के नीचे सो रहे थे। उसी समय उनकी पुत्रवधू सुमन पत्नी रमेश उम्र करीब 35 वर्ष भी छप्पर के दूसरे हिस्से में मौजूद थी। देर शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के दबाव से पक्की दीवार और छप्पर अचानक ढह गया।

मलबे में दबने से मूलचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें बाहर निकालने पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे में उनकी पुत्रवधू भी घायल हो गई, जिसे एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *