ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना महमूदाबाद क्षेत्र के सिरौली चौराहे के पास सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। सिधौली-महमूदाबाद मार्ग पर स्थित अनु मेडिकल स्टोर के निकट दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहिनपुर गांव निवासी सुरेंद्र (28 वर्ष) पुत्र मायाराम अपनी पत्नी आरती (27 वर्ष) और चार माह के पुत्र वीनू राज के साथ बाइक से सिरौली दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे आनंद कुमार (26 वर्ष) पुत्र सरजू, निवासी इटौंजा, थाना इटौंजा, जनपद लखनऊ की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सभी बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में सुरेंद्र, उनकी पत्नी आरती, पुत्र वीनू राज तथा आनंद कुमार घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई ।
और सड़क हादसा देख वहां पर बड़ी संख्या में ग्रामीण व राहगीर मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मियों ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदाबाद पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद आरती और आनंद कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं सुरेंद्र और मासूम वीनू राज का उपचार जारी है।
घटना के बाद सिरौली पुलिस चौकी से काo कुलदीप कुमार ,विख्यात आदि मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।
