ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में प्रकाश ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, महमूदाबाद के 9 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी एवं लखनऊ की महापौर सुषमा खरकवाल ने यूपी बोर्ड परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि, टैबलेट, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
हाईस्कूल वर्ग में कशिश वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। अर्पिता गौतम ने तीसरा, अंकित कुमार ने सातवां, शगुन ने नौवां तथा अनुराधा वर्मा ने दसवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
इंटरमीडिएट वर्ग में शिखा वर्मा ने 97.6 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनुष्का यादव ने पांचवां तथा मानसी पोरवाल और वैष्णवी ने संयुक्त रूप से छठा स्थान हासिल कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण वर्मा को भी उत्कृष्ट शैक्षिक नेतृत्व, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों को निरंतर प्रेरित करने के लिए सम्मानित किया गया।
यह उपलब्धि केवल विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि उनके अभिभावकों, शिक्षकों और पूरे प्रकाश परिवार के वर्षों के समर्पण, अनुशासन तथा उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण का प्रतिफल है।
प्रकाश विद्या मंदिर इंटर कॉलेज महमूदाबाद, बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज शेखपुर-बिलौली बाजार तथा रानी लक्ष्मीबाई मॉन्टेसरी पब्लिक स्कूल महमूदाबाद की इस ऐतिहासिक सफलता पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहने की कामना की।
