ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद नगर के अमीरगंज निवासी चन्दू पुत्र नसीम बैग ने कांग्रेस की एक राजनीतिक रैली में लगाई गई गाड़ियों का किराया न मिलने का आरोप लगाते हुए कोतवाली महमूदाबाद में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर बकाया भुगतान दिलाने और उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं। उनका आरोप है कि कुछ समय पूर्व कांग्रेस की रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस पदाधिकारी अरुणेश यादव द्वारा उनकी कई चार पहिया गाड़ियां बुक कराई गई थीं। गाड़ियों के संचालन के बाद तय किराया अब तक नहीं दिया गया है।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित पक्ष से संपर्क कर भुगतान की मांग की, लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन देकर टाल दिया गया। आरोप है कि जब उन्होंने अपने बकाया रुपये की मांग को लेकर दबाव बनाया तो उन्हें कथित रूप से धमकी भी दी गई।
चन्दू ने बताया कि किराया न मिलने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और वह मानसिक रूप से भी परेशान हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।
उधर, कोतवाली महमूदाबाद पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। (नोट: यह आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।)
