नगर पालिका की अनदेखी से बदहाल सड़कें और फुटपाथ, हर दिन बढ़ रहा हादसों का खतरा

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद नगर क्षेत्र में सड़कों और फुटपाथों की जर्जर हालत आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। नगर पालिका की कथित अनदेखी और संबंधित विभागों की सुस्ती के चलते मुख्य मार्गों से लेकर वार्डों की गलियों तक जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी सड़कें और क्षतिग्रस्त फुटपाथ दिखाई दे रहे हैं। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को प्रतिदिन जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है।

नगर के प्रमुख रामकुंड चौराहा से सीता स्कूल तक सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य का दायित्व निर्माण निगम को सौंपा गया था, लेकिन कई माह बीत जाने के बावजूद यह कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है। अधूरे निर्माण कार्य के चलते सड़क पर धूल, गिट्टी और असमतल रास्तों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि टूटे फुटपाथों के कारण पैदल चलने वाले लोगों को मजबूरन सड़क का सहारा लेना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है। विशेष रूप से स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इस गंभीर समस्या से उप जिलाधिकारी डॉ. अंजली सिंह को भी अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके अब तक निर्माण कार्य में तेजी लाने या क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत के संबंध में कोई प्रभावी पहल दिखाई नहीं दी है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

नगरवासियों ने प्रशासन, नगर पालिका और संबंधित निर्माण एजेंसियों से मांग की है कि सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही नगर के विभिन्न वार्डों में खराब पड़ी सड़कों और फुटपाथों की तत्काल मरम्मत कराकर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाए।

नगर के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में संबंधित विभागों को जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *