महमूदाबाद में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन, विधायक आशा मौर्य ने किया व्यायामशाला निर्माण का शिलान्यास

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को नगर के सुंदौली वार्ड में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य रहीं। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखा और क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान विधायक आशा मौर्य ने सुंदौली वार्ड स्थित नगर पालिका परिषद की खाली पड़ी भूमि पर प्रस्तावित व्यायामशाला निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस व्यायामशाला का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

विधायक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं तथा पात्र लोगों तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में सहयोग करें। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी पवन किशोर, सभासद चक्रसुदर्शन पाण्डेय, सुनील कुमार मौर्य, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष कमलेश राजपूत, भाजपा देहात मंडल अध्यक्ष अरविंद यादव, धनंजय बाजपेई, वैभव सिंह, रितेश सिंह, रवि अवस्थी, सौरभ मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *