ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: विद्युत उपकेंद्र महमूदाबाद के अंतर्गत आने वाले सिरौली चौराहे पर एलटी लाइन का विद्युत पोल टूट जाने से गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। पोल क्षतिग्रस्त होने के कारण एलटी लाइन के तार जमीन पर पड़े हुए हैं, जिससे क्षेत्र में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों में इसको लेकर भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।
ग्रामीणों और दुकानदारों का कहना है कि सिरौली चौराहा एक व्यस्त स्थान है, जहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में जमीन पर पड़ी विद्युत लाइन राहगीरों, बच्चों और मवेशियों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। लोगों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अभी तक इसे गंभीरता से नहीं लिया गया है।
स्थानीय विद्युत उपभोक्ताओं के अनुसार, पोल टूटने के कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बार-बार बाधित हो रही है। कभी-कभी अचानक सप्लाई बंद हो जाती है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यापारियों और किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक न तो टूटे हुए पोल को बदला गया और न ही जमीन पर पड़ी एलटी लाइन को सुरक्षित कराया गया। लोगों ने मांग की है कि जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल नया विद्युत पोल लगाकर एलटी लाइन को व्यवस्थित किया जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया और कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्युत विभाग की होगी। लोगों ने विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
इस मामले की जानकारी जब सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को दी गई, विद्युत विभाग की ओर से बताया गया कि मामले की जानकारी मिली और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ।
