ब्यूरो रिपोर्ट ,सीतापुर: केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को महमूदाबाद क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य ने किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर स्वच्छता गतिविधियों में सहभागिता की और लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान विधायक आशा मौर्य ने कहा कि “स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक संस्कार और प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ स्वच्छ भारत अभियान जनआंदोलन का रूप ले चुका है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने लोगों से अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छता से न केवल बीमारियों की रोकथाम होती है, बल्कि यह एक स्वस्थ, सुंदर और विकसित समाज के निर्माण की आधारशिला भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करें।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी पवन किशोर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. आशीष, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक राम नरेश, सफाई सुपरवाइजर मुरादी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा समाज को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
