झील किनारे युवती की गला रेतकर हत्या, शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी, मृतक की पहचान न होने से बढ़ी रहस्य की परतें

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना रामपुर मथुरा क्षेत्र के सरैया मसूदपुर गांव में सोमवार सुबह एक अज्ञात युवती का रक्तरंजित शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। झील के किनारे गला रेतकर की गई हत्या की इस वारदात ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुजीत पुत्र दुलारे के खेत के सामने स्थित झील के पास सोमवार सुबह करीब छह बजे शौच के लिए गए ग्रामीणों की नजर एक युवती के शव पर पड़ी। शव देखते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम कनौजिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की पड़ताल शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। युवती ने काले रंग की शर्ट और जींस पहन रखी थी। उसके गले पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं। इसके अलावा चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के कई निशान पाए गए। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया मामला निर्मम हत्या का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया। मृतका के फोटो और वीडियो भी स्थानीय स्तर पर दिखाए गए, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पहचान न होने के कारण हत्या की वजह और घटना की परिस्थितियां अभी रहस्य बनी हुई हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, आसपास के क्षेत्रों से लापता युवतियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दिन निकलते ही सामने आई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस युवती की पहचान कर हत्यारों तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले के जल्द खुलासे के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *