ब्यूरो, रिपोर्ट सीतापुर : थाना महमूदाबाद क्षेत्र के कांसा मोड़ चौराहे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दरियापुर इलाके के इटैला गांव निवासी बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिधौली की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा ओवरलोड ट्रक जैसे ही कांसा मोड़ पर पहुंचा, तभी सामने से गुजर रही बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार लोग सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर चौकी प्रभारी सिरौली अनिल कुमार, कांस्टेबल आशीष कुमार व कांस्टेबल अश्वनी त्यागी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से महमूदाबाद के नजदीकी अस्पताल भेजवाया गया। पुलिस चौकी प्रभारी सिरौली अनिल कुमार ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। स्थानीय लोगों ने सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे ओवरलोड ट्रकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके।
