सचिव व ग्राम प्रधान समेत अन्य जिम्मेदारों की लापरवाही से भुसना गौशाला में गौवंशों को समस्या : ग्रामीण 

ब्यूरो,रिपोर्ट सीतापुर:  विकास खंड महमूदाबाद की ग्राम पंचायत भुसना में संचालित अस्थाई गौशाला इन दिनों व्यवस्था अव्यवस्थित होने के कारण सुर्खियों में है। ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला में गौवंशों को समय से चारा-पानी व दवाइयां उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं, जिसके चलते आए दिन एक न एक गौवंश की मृत्यु होती रहती है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि ग्राम पंचायत में वर्तमान सचिव श्रीकांत वर्मा की तैनाती के बाद से अब तक गौशाला का निरीक्षण तक नहीं किया गया। ऐसी स्थिति में सचिव को गौशाला की वास्तविक खामियों का पता ही कैसे चलेगा, यह ग्रामीणों का सवाल है।

इसी तरह ग्राम प्रधान छन्नू लाल एवं सम्बन्धित पशु चिकित्सक पर भी गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गौवंशों की देखभाल के नाम पर कागजों में खानापूर्ति हो रही है, जबकि ज़मीनी हकीकत बिल्कुल अलग है।

ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर गौशाला की व्यवस्था सुधारने और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका मानना है कि यदि समय रहते सख्त कदम उठाए जाएं, तो गौशाला में रह रहे गौवंशों को कुप्रबंधन की समस्या से निजात मिल सकती है। ग्रामीण अब उम्मीद लगाए बैठे हैं कि उनकी पुकार प्रशासन तक पहुंचे और लापरवाही पर रोक लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *