फायर सेफ्टी, पंजीकरण और आवश्यक अभिलेखों की हुई जांच, दस्तावेज न देने वालों पर होगी कार्रवाई
ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद नगर क्षेत्र में सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार देर रात प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल, रेस्टोरेंट एवं मैरिज लॉन पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। करीब रात नौ बजे शुरू हुए इस अभियान में कई प्रतिष्ठानों की फायर सेफ्टी व्यवस्था, वैध पंजीकरण तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण टीम का नेतृत्व उपजिलाधिकारी अंजली सिंह ने किया। उनके साथ क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव, थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह, कस्बा इंचार्ज दीपक राठौर, फायर ब्रिगेड की टीम तथा पुलिस बल मौजूद रहा। संयुक्त टीम ने नगर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का जायजा लिया और संचालकों से आवश्यक दस्तावेजों की मांग की।
जांच के दौरान जिन होटल, रेस्टोरेंट और मैरिज लॉन में फायर सेफ्टी से संबंधित व्यवस्थाएं अधूरी मिलीं अथवा आवश्यक दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके, उन्हें तत्काल अपने अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित संचालकों को सोमवार तक आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।
उपजिलाधिकारी अंजली सिंह ने बताया कि संयुक्त टीम द्वारा सभी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया है। जिन संचालकों के दस्तावेज अधूरे पाए गए हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर अभिलेख प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। यदि तय समय में दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) ने भी जानकारी दी थी कि महमूदाबाद नगर में कई होटल संचालित हैं, लेकिन फायर विभाग की ओर से अब तक केवल फौजी होटल को ही वैध फायर एनओसी जारी की गई है। ऐसे में प्रशासन का यह औचक निरीक्षण अभियान सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर गंभीरता का संकेत माना जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि जन सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि होटल, रेस्टोरेंट और मैरिज लॉन में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
