ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार प्रातः नगर में रितेश रस्तोगी के मनोहर लॉन में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह छह बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योगाचार्य दीपक श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। योगाचार्य ने बताया कि नियमित योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर व्यक्ति को ऊर्जावान और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा भी देता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य तथा उपजिलाधिकारी अंजलि सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने उपस्थित लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी पवन किशोर, चंद्रभूषण शुक्ल, अतुल चित्रांश, विजय बारी, संजय वर्मा, शीला गुप्ता, वैभव सिंह, अंकुश राज विश्वकर्मा सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भी योगाभ्यास में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य इसी जन-जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाना है।
