ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: महमूदाबाद नगर क्षेत्र में संचालित लाइब्रेरी एवं अध्ययन केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए मंगलवार देर रात प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया। रात करीब नौ बजे उपजिलाधिकारी डॉ. अंजली सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों की संयुक्त टीम ने नगर की विभिन्न लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्थाओं तथा आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण दल में क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव, थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह, अधिशासी अधिकारी पवन किशोर तथा फायर ब्रिगेड विभाग की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने लाइब्रेरी संचालकों से अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्ग, भवन सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं एवं आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृतियों से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी ली।
जांच के दौरान कुछ लाइब्रेरी में आवश्यक मानकों एवं अभिलेखों की कमी पाए जाने पर अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने सभी लाइब्रेरी संचालकों को बुधवार को नगर पालिका कार्यालय में उपस्थित होकर अपने दस्तावेज एवं संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित सुरक्षा मानकों, प्रशासनिक स्वीकृतियों तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताओं का अनुपालन सुनिश्चित होने तक कुछ लाइब्रेरी को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि छात्रों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से नगर में संचालित लाइब्रेरी संचालकों में हलचल देखी गई। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगे भी ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि सभी संस्थान निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करें।
