ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर/बाराबंकी: ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है कि अम्बरीश कुमार पुत्र राम प्रकाश, निवासी ग्राम उधापुर, जिला बाराबंकी, का चयन कृषि तकनीकी सहायक (AG.T.A.) पद पर हुआ है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से परिवार, गांव और विद्यालय में खुशी का माहौल है।
अम्बरीश कुमार श्री शिव चरन लाल मेमोरियल इण्टर कॉलेज, रामाभारी, सीतापुर के पुरातन छात्र हैं। साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले अम्बरीश ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों के बल पर यह सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
विद्यालय के प्रबंधक ओम प्रकाश उर्फ गुड्डू भार्गव ने अम्बरीश कुमार की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता न केवल अम्बरीश के परिवार बल्कि पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि अम्बरीश की उपलब्धि वर्तमान छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें भी कठिन परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देगी।
विद्यालय परिवार ने अम्बरीश कुमार को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं सम्मानजनक सेवाकाल की कामना की। साथ ही आशा व्यक्त की कि वे कृषि क्षेत्र में अपनी सेवाओं के माध्यम से किसानों के हित में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
अम्बरीश कुमार की यह सफलता ग्रामीण प्रतिभाओं की क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर हों तो सफलता अवश्य मिलती है।
