गैस सिलेंडर के पाइप में रिसाव से लगी भीषण आग, 80 हजार की नकदी समेत लाखों की गृहस्थी जलकर राख

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर:  रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सुरजनपुर में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की वर्षों की मेहनत और जमा-पूंजी को पलभर में राख कर दिया। गैस सिलेंडर के पाइप में अचानक रिसाव होने से लगी भीषण आग ने घर में रखी करीब 80 हजार रुपये की नकदी समेत लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलाकर नष्ट कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने जीवनयापन और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामशरण के परिवार में हाल ही में शादी समारोह संपन्न हुआ था। परिवार नए मकान के निर्माण की तैयारी कर रहा था, जिसके लिए करीब 80 हजार रुपये नकद घर में सुरक्षित रखे गए थे। बुधवार दोपहर करीब दो बजे अचानक गैस सिलेंडर के पाइप में रिसाव होने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

घर से उठती आग की ऊंची लपटों और धुएं को देखकर ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने बाल्टियों, पानी के ड्रमों और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया। लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था।

पीड़ित रामशरण ने बताया कि मकान निर्माण के लिए रखी गई 80 हजार रुपये की नकदी, घरेलू उपयोग के बर्तन, कपड़े, अनाज, फर्नीचर, जरूरी दस्तावेज और कुछ आभूषण भी आग की भेंट चढ़ गए। परिवार की पूरी गृहस्थी तबाह हो गई है। हादसे के बाद परिवार के सदस्य सदमे में हैं और उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम तथा संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट तैयार कर शासन की ओर से मिलने वाली राहत सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए तत्काल राहत राशि प्रदान की जाए, ताकि परिवार दोबारा अपनी गृहस्थी बसाने और जीवन को पटरी पर लाने का प्रयास कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *