वन महोत्सव पर विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, आम के पौधों का हुआ वितरण

ब्यूरो रिपोर्ट, सीतापुर: महमूदाबाद ग्रामीण इलाके के श्री गुरुदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भेथरा माधव , सीतापुर में गुरुवार को वन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा उन्हें अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिन्दू परिषद के उप जिलाध्यक्ष अतुल चित्रांश एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी नावेद सिद्दीकी उपस्थित रहे। उनके साथ उप क्षेत्रीय वन अधिकारी संतोष कुमार वर्मा, अरविंद कुमार यादव, नरेंद्रपाल, नीरज कुमार, हिमांशु वर्मा, वन दरोगा एवं पवन सिंह माली समेत विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। साथ ही प्रदेश सरकार की आम भंडारा योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को आम के पौधों का वितरण किया गया, ताकि वे अपने घरों और आसपास पौधे लगाकर हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान दे सकें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। पेड़-पौधे न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण करने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।

अतिथियों ने विद्यार्थियों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफल हो सकता है और समाज में हरियाली का विस्तार संभव है।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान प्रकृति संरक्षण और वृक्षारोपण को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *