ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : विकास खंड पहला क्षेत्र के सरैया राजा साहब में स्थित सी ई ऑटो सेल्स हीरो एजेंसी में बीती रात अचानक आग लग जाने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग की इस घटना में एजेंसी के महत्वपूर्ण दस्तावेज, कार्यालय में रखे कंप्यूटर सिस्टम तथा अन्य आवश्यक सामान जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
एजेंसी के मालिक मोहम्मद इरफान हैं, जबकि उनके भतीजे एवं संचालक मोहम्मद शाहनवाज ने बताया कि रात करीब दो बजे उन्हें सूचना मिली कि एजेंसी परिसर में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे और डायल-112 पुलिस तथा फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आग को और अधिक फैलने से रोका जा सका। हालांकि तब तक कार्यालय में रखा कंप्यूटर सिस्टम, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामग्री जलकर राख हो चुकी थी।
मोहम्मद शाहनवाज के अनुसार, इस हादसे में करीब 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय एजेंसी में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों एवं शुभचिंतकों ने एजेंसी संचालक और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जल्द सामान्य स्थिति बहाल होने की कामना की है।
