ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर : महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के बरदही बाजार में शुक्रवार देर रात हनुमंत बॉयज हॉस्टल के संचालक मनोज शुक्ला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। उनका खून से लथपथ शव हॉस्टल से करीब 200 मीटर पहले एक सुनसान रास्ते पर मिला। घटनास्थल महमूदाबाद कोतवाली से लगभग 300 मीटर की दूरी पर स्थित होने के कारण इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, नई बाजार उत्तरी कोतवाली रोड निवासी मनोज शुक्ला शुक्रवार रात करीब आठ बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने जब उनकी तलाश शुरू की तो काफी खोजबीन के बाद बरदही बाजार के निकट एक सुनसान मार्ग पर उनका शव बरामद हुआ। शव के समीप उनकी मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली।
परिजनों का कहना है कि मनोज शुक्ला के सिर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। उन्होंने पुलिस से मामले का शीघ्र खुलासा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना रात करीब ढाई बजे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही क्राइम इंस्पेक्टर अक्षय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि कोतवाली से इतनी कम दूरी पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, परिजन न्याय और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
